UK बोले तो Uttrakhand

अभी नही तो कभी नही

उत्तराखंड में मौसम पर प्रदेश भर से ताजा अपडेट

उत्तराखंड में मौसम पर प्रदेश भर से ताजा अपडेट 
देहरादून में आंशिक से मुख्यत: बादल छाये हुए हैं और बारिश के आसार बने हुए हैं। हालांकि, बीते दो दिन से दून में बारिश का क्रम धीमा हुआ है, लेकिन मौसम विभाग की ओर से आज दून समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। कहीं-कहीं तीव्र वर्षा को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है।
कुमाऊं में वर्षा का क्रम जारी है। करीब 60 से अधिक सड़कें मलबा आने से बाधित हैं। चीन सीमा तक पहुंचने वाली दो सड़कें पांच दिन से बाधित हैं। नैनीताल में झील का जलस्तर चार फीट हो गया है। 12 फ़ीट होने पर झील ओवरफ्लो होने लगती है। सीमांत में काली,गोरी व सरयू उफान पर हैं और चेतावनी लेवल के आसपास बह रहीं हैं।

भूस्खलन से जौनसार बावर में 18 मोटर मार्ग बंद हो गए हैं। जिसके चलते बाहरी मंडी में जाने वाली कृषि उपज से भरे वाहन जगह-जगह फंसे हैं। 18 मोटर मार्ग बंद होने से करीब 100 से अधिक गांव का संपर्क शहर से कट गया है। मार्ग बंद होने का असर विकास नगर के मुख्य बाजार के कारोबार पर भी पड़ता है।
ऋषिकेश में चेतावनी रेखा के निकट जाने के बाद गंगा के जलस्तर में अब कमी आई है। शनिवार को सुबह से ही ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर बढ़ने लगा था, जो देर रात 10:00 बजे चेतावनी रेखा 339.50 के करीब 339.16 मीटर तक पहुंच गया था। चेतावनी रेखा से महज 34 सेमी नीचे तक आने के बाद गंगा की जल स्तर में कमी होने लगी। रविवार सुबह 9:00 बजे गंगा का जलस्तर चेतावनी रेखा से 75 सेमी नीचे 338.75 मीटर पर आ गया था। फिलहाल पिछले 20 घंटे से ऋषिकेश तथा आसपास क्षेत्र में वर्षा नहीं हो रही है।
चमोली में जोशीमठ पांडुकेश्वर के बीच टयापुल के पास बाधित हाईवे से मलबा हटाने का काम शुरू।
उत्तरकाशी जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्र में बादल छाए हुए हैं। वर्षा की संभावना बनी हुई है । गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारू है। जनपद में दो संपर्क मार्ग अवरुद्ध हैं। गत शनिवार की दोपहर से लेकर अभी तक जनपद में वर्षा नहीं हुई है।
टिहरी में ऋषिकेश - बदरीनाथ राजमार्ग तोताघाटी में मलबा आने से बंद है। मार्ग खोलने का प्रयास किया जा रहा है। जिले में 30 लिंक रोड भी बंद हैं। अभी बारिश थमी है। जिले में बीएसएनएल की सेवाएं भी बाधित हैं।
पौड़ी में अभी वर्षा रुकी है, बादल छाए हैं। जिले में 19 मोटर मार्ग अवरुद्ध हैं। जिसमें दो राज्य मार्ग, तीन जिला मार्ग और बाकी ग्रामीण मार्ग शामिल हैं।
रुड़की में शहर और आसपास के क्षेत्रों में हल्के बादल छाए हुए हैं, बारिश की संभावना है।
हल्‍द्वानी में रविवार को भी बारिश का दौर जारी है।
रुद्रप्रयाग में बारिश रुकी हुई है। गौरीकुंड हाईवे व बदरीनाथ हाईवे पर यातायात सुचारू है। जनपद में 16 मोटर मार्ग अवरूद्ध चल रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments